आरोग्य भारती द्वारा “सर्वकल्पम्” चर्म रोग जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन
भोपाल, दिनांक 14 अप्रैल को आरोग्य भारती द्वारा “सर्वकल्पम्”चर्म रोग (स्किन डिजीज़) के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ मनीषा कोठेकर ( अध्यक्ष , NCISM आयुष मंत्रालय भारत सरकार ) मुख्य वक्ता आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ अशोक कुमार वार्ष्णेय जी , राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ की निदेशक डॉ वंदना सिरोहा एवं अध्यक्षता धन्वंतरि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री 1008 सुरेशानंद जी ने किया । विषय विशेषज्ञ के रूप में पुणे के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ हरीश पाटनकर एवं मुंबई के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ आदित्य इंदानी उपस्थित रहे । पूरे देश भर से 800 विद्यार्थी , चिकित्सक , प्रोफेसर एवं प्राचार्य के साथ साथ बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और त्वचा से संबंधित विभिन्न समस्याओं तथा उनके उपचार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं आयुर्वेदाचार्यों ने चर्म रोगों के कारण, लक्षण और उनके प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक उपचारों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि आज की बदलती जीवनशैली, प्रदूषण और असंतुलित आहार के कारण त्वचा संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को त्वचा की सही देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा प्राकृतिक उपचारों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, उपस्थित लोगों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान भी किया गया।
सर्वकल्पम् में उपस्थित प्रतिनिधि ने बताया कि इस प्रकार की कार्यशालाओं का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सरल एवं प्रभावी उपचार के विकल्पों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की बात कही गई।
