प्रो. गिरीन्द्र सिंह तोमर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आरोग्य भारती
भारतीय संस्कृति में दीपावली केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति, कृषि, आरोग्य, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया तक मनाया जाने वाला यह पंचपर्व धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा तथा भाईदूज को समाहित करता है।
प्राचीन भारतीय परंपरा में पर्वों का कृषि एवं प्रकृति से गहरा संबंध रहा है। गोभिल गृह्यसूत्र में नवयज्ञ एवं नवान्नेष्टि, पारस्कर गृह्यसूत्र में सीतायज्ञ तथा मनुस्मृति में नवसस्येष्टि का उल्लेख मिलता है। ये अनुष्ठान नई फसल के आगमन पर पृथ्वी और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने की परंपरा को दर्शाते हैं।
इस पर्व का शुभारंभ धनतेरस से होता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। अतः यह पर्व आरोग्य एवं दीर्घायु का संदेश देता है। नरक चतुर्दशी भगवान श्रीकृष्ण द्वारा नरकासुर के वध और अन्याय पर विजय का प्रतीक है।
कार्तिक अमावस्या को मनाई जाने वाली दीपावली में माता लक्ष्मी एवं भगवान गणेश का पूजन किया जाता है। यह धन-धान्य, सुख-समृद्धि और ज्ञान के प्रकाश का प्रतीक है। श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप प्रज्वलित कर स्वागत किए जाने की परंपरा भी इस पर्व से जुड़ी है। व्यापारी वर्ग इस दिन बहीखातों का पूजन कर नए वित्तीय वर्ष का शुभारंभ करता है।
गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और कृषि के संरक्षण का संदेश देती है, जबकि भाईदूज भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आत्मीयता का प्रतीक है।
वर्तमान समय में दीपावली को प्रदूषणमुक्त एवं पर्यावरणानुकूल बनाना आवश्यक है। मिट्टी के दीप जलाकर तथा पटाखों और ध्वनि प्रदूषण से बचकर हम इसकी मूल भावना को संरक्षित कर सकते हैं। वास्तव में दीपावली का सार बाहरी प्रकाश के साथ अंतर्मन से अज्ञान, द्वेष और ईर्ष्या के अंधकार को मिटाकर ज्ञान, प्रेम एवं सौहार्द का प्रकाश फैलाना है। यही इस प्रकाश पर्व का शाश्वत संदेश है।
