आरोग्य भारती, पंजाब द्वारा लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक आयोजन

स्वस्थ व्यक्ति | स्वस्थ परिवार | ॐ | स्वस्थ ग्राम | स्वस्थ राष्ट्र l

  आरोग्य भारती, पंजाब
  उत्तर क्षेत्र योग प्रशिक्षण वर्ग
  (20, 21 एवं 22 मार्च 2026)

विश्व में योग के प्रति रुझान निरंतर बढ़ रहा है तथा शारीरिक एवं मानसिक रोगों के निवारण में इसकी भूमिका को समाज व्यापक रूप से स्वीकार कर रहा है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु आरोग्य भारती, पंजाब (उत्तर क्षेत्र) द्वारा दिनांक 20 मार्च सायं 4:00 बजे से 22 मार्च 2026 सायं 4:00 बजे तक लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्र योग प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षित योग कार्यकर्ताओं का निर्माण करना तथा “योग द्वारा स्वास्थ्य” के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना रहा।

इस योग वर्ग का मार्गदर्शन श्री संजीवन कुमार (प्रमुख, आरोग्य मित्र प्रशिक्षण, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं संयोजक – उत्तर क्षेत्र एवं राजस्थान) द्वारा किया गया, जिनके कुशल निर्देशन में यह वर्ग अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
इस अवसर पर डॉ. चंद्रशेखर कक्कड़, डॉ. प्रमोद कुमार, श्री शक्ति हांडा, डॉ. राजेश चौड़ा, श्री केवल कृष्ण गर्ग, श्री अश्विनी चोपड़ा, प्रो. जय सिंह (LBS विश्वविद्यालय, दिल्ली), श्री महेंद्र जी (गुरुग्राम महानगर उपाध्यक्ष) तथा डॉ. कुलभूषण सोनी की गरिमामयी उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।

प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से रात्रि 10:15 बजे तक अनुशासित एवं सक्रिय दिनचर्या का पालन किया गया। इसमें योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म योग, संधि योग, मुद्रा विज्ञान, स्वर विज्ञान एवं रोग निदान से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही योग, सुपोषण एवं आरोग्य भारती विषयों पर विशेष प्रबोधन भी किया गया।
उत्तर क्षेत्र के इस प्रशिक्षण वर्ग में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा एवं दिल्ली सहित चार प्रांतों के 45 विभिन्न स्थानों से कुल 92 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें 62 पुरुष एवं 30 महिला प्रतिभागियों की सक्रिय उपस्थिति उल्लेखनीय रही। प्रतिभागियों में 4 विश्वविद्यालयों के प्रोफेसर, 2 महाविद्यालयों के प्राध्यापक, 5 चिकित्सक, 6 शोधार्थी, 5 स्नातकोत्तर विद्यार्थी, 30 स्नातक विद्यार्थी, 12 व्यवसायी, 14 कर्मचारी/सेवाकर्मी, 8 गृहिणियाँ, 5 पूर्णकालिक कार्यकर्ता एवं 1 प्रचारक सम्मिलित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान स्वस्थ जीवनशैली, आरोग्य मित्र प्रशिक्षण योजना, योग केंद्र की अवधारणा तथा उसके प्रभावी संचालन में कार्यकर्ताओं की भूमिका पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित योग वर्ग प्रारंभ करने का संकल्प लिया, जिसके अंतर्गत पंजाब में 16, हिमाचल प्रदेश में 8, हरियाणा में 17 तथा दिल्ली में 21 योग केंद्र प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया, जो कुल मिलाकर 62 नए योग केंद्रों की स्थापना का संकल्प है।

समापन सत्र में जिज्ञासा समाधान के साथ प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस प्रशिक्षण वर्ग को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया। इस वर्ग के सफल आयोजन में चंडीगढ़ महानगर के पूर्णकालिक कार्यकर्ता श्री निखिल जी, स्थानीय कार्यकर्ता श्री केवल गर्ग जी एवं श्री संबल जी की टीम का विशेष योगदान रहा।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के आत्मीय सहयोग से यह प्रशिक्षण वर्ग अनेक दृष्टियों से प्रेरक, दिशासूचक एवं अविस्मरणीय सिद्ध हुआ।
अंत में आयोजकों द्वारा यह संकल्प व्यक्त किया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से समाज में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को निरंतर सुदृढ़ किया जाता रहेगा।
डॉ. प्रमोद कुमार
सचिव
आरोग्य भारती, पंजाब

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *